वाराणसी/-शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक माह के द्वितीय एवं चतुर्थ शनिवार को प्रदेश के समस्त थानों पर थाना समाधान दिवस का आयोजन किया जाता है।शनिवार को पुलिस उपायुक्त गोमती जोन आकाश पटेल द्वारा थाना जंसा में आयोजित समाधान दिवस पर फरियादियों की समस्याओं को मौके पर सुना गया।इस दौरान राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी/कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि शिकायतों को गम्भीरता से लेते हुए शत-प्रतिशत निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करें।मौजूद लेखपाल को बताया गया कि वे अपने क्षेत्र के बिट आरक्षी को जानें और उनके सम्पर्क में रहते हुए आवश्यकता पड़ने पर उनसे आवश्यक सहायता प्राप्त करें।साथ ही सभी पुलिस एवं राजस्व अधिकारियों/कर्मचारियों को निर्देश दिया गया कि जनपद में जमीनी विवादों को चिह्नित कर राजस्व टीम के साथ मौके पर जाकर शत-प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित करें।डीसीपी ने पुलिसकर्मियों को यह भी निर्देशित किया कि थाना समाधान दिवस में प्राप्त प्रार्थना-पत्रों का निस्तारण निर्धारित दिवस के भीतर किया जाए।जिन प्रार्थना-पत्रों का निस्तारण उच्चाधिकारी स्तर से होना आवश्यक है,उनकी रिपोर्ट लगाकर सम्बन्धित अधिकारी को समय पर प्रेषित करें,जिससे निर्धारित अवधि में निस्तारण सुनिश्चित हो सके।*
