उपेंद्र उपाध्याय

वाराणसी/-बड़ागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत हरहुआ पुलिस चौकी अंतर्गत हरहुआ चौराहे पर ओवरब्रिज के नीचे महीनों से लग रहा जाम स्थानीय लोगों,राहगीरों,स्कूली बच्चों और मरीजों के लिए बन चुकी है बड़ी समस्या।प्रतिदिन के हालात ऐसे हैं कि सुबह से शाम तक राहगीर देर जाम में फंसे रहते हैं लेकिन अब तक पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गयी।ग्रामीणों व्यापारियों के अनुसार जाम का मुख्य कारण वह वाहन चालक हैं,जो वाजिदपुर स्थित रिंग रोड फेज-1 से पंचकोशी मार्ग की ओर शॉर्टकट लेते हुए सीधे हरहुआ चौराहा स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर के पास से उलटी दिशा में प्रवेश कर जाते हैं।विपरीत दिशा से आने-जाने वाले वाहनों के एक साथ फँसने से ओवरब्रिज के नीचे देर तक जाम लगा रहता है। सबसे अधिक परेशानी जौनपुर से वाराणसी की ओर जाने वाले वाहनों और रामेश्वर मार्ग से आने वालों को झेलनी पड़ती है।स्थिति इतनी खराब है कि इस जाम में एम्बुलेंस तक फंस जाती हैं।कई बार मरीजों को लेकर जा रही एम्बुलेंस लंबे समय तक जाम में अटकी रहती है,जिससे गंभीर स्थिति पैदा हो जाती है। वहीं ओवरब्रिज के पास स्थित एक इंग्लिश स्कूल के छात्र-छात्राएं छुट्टी के बाद घंटों जाम में फंसकर घर पहुंचते हैं।अभिभावकों का कहना है कि लगातार देरी से बच्चों में चिड़चिड़ापन बढ़ता जा रहा है।स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस चौकी करीब होने के बावजूद जाम प्रबंधन पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है न तो ट्रैफिक नियंत्रित करने के लिए पुलिसकर्मी तैनात हैं और न ही उलटी दिशा से आने वाले वाहनों पर कोई कार्रवाई हो रही है।इस संबंध में बड़ागांव थानाध्यक्ष अजय कुमार मिश्रा ने बताया कि उन्हें जाम की समस्या की सूचना मिल चुकी है और वे मौके पर मौजूद हैं।उन्होंने कहा कि समस्या के अस्थायी समाधान पर काम किया जा रहा है तथा जल्द ही उच्च अधिकारियों से वार्ता कर चौराहे पर पुलिस कर्मियों की तैनाती बढ़ाई जाएगी।उनका कहना है कि “उलटी दिशा से चलने वाले वाहन ही जाम का मुख्य कारण हैं,इसे रोकने के लिए विशेष कार्रवाई की जाएगी।स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन जल्द ही ठोस कदम उठाएगा,ताकि महीनों से चल रही जाम की समस्या से उन्हें राहत मिल सके।
